मामले में FIR, विजिलेंस ने शुरू की जांच।
शिमला 30 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा
हिमाचल प्रदेश में एक वरिष्ठ भाजपा विधायक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विजिलेंस ब्यूरो ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच के बाद धर्मशाला थाने में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, संबंधित विधायक का नाम अभी आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, विधायक की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। विभिन्न सरकारी एजेंसियों से उनकी संपत्तियों का मूल्यांकन भी कराया गया है, जिसमें PWD की रिपोर्ट भी शामिल है।
विजिलेंस अब संपत्ति खरीद, निवेश और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का मिलान कर रही है। अधिकारियों ने मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
इस कार्रवाई के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि कार्रवाई उपलब्ध दस्तावेजों और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।









