/ड्रग कंट्रोलर बनकर उद्योगों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार।

ड्रग कंट्रोलर बनकर उद्योगों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार।

₹50 हजार नकद और वाहन HP64A-7859 बरामद।

सोलन( बद्दी )3 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।

औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में उद्योगों को निशाना बनाकर स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताने और लाखों रुपये की ठगी तथा रंगदारी मांगने वाले एक आरोपी को बद्दी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹50 हजार नकद, वारदात में प्रयुक्त वाहन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक गत 30 जुलाई 2026 को बरोटीवाला स्थित एक फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि ने पुलिस थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर कंपनी से लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं और लगातार रंगदारी की मांग कर रहे हैं।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। गहन जांच, तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस ने सोमवार को मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल (22) पुत्र जय किशन, निवासी गांव खोखरा, डाकघर नानकपुर, तहसील कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर फोन करता था और उद्योगों से अवैध धनराशि की मांग करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन संख्या HP64A-7859, ₹50,000 नकद तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को कल 4 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर इस ठगी और रंगदारी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और तथ्यों का खुलासा किया जा सके। मामले की जांच जारी है।