/डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर सोलन में भावभीनी श्रद्धांजलि

डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर सोलन में भावभीनी श्रद्धांजलि

रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

सोलन, 04 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश के निर्माता एवं युगपुरुष डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती के अवसर पर सिरमौर कल्याण मंच द्वारा सोलन में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

मिली जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मंच के पदाधिकारियों, सदस्यों और शहर के गणमान्य लोगों ने भी डॉ. परमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सिरमौर कल्याण मंच के अध्यक्ष प्रदीप ममगई ने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार के आदर्शों और विचारों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर महापौर सुषमा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार एक दूरदर्शी नेता और युगपुरुष थे, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के निर्माण और विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और नई पीढ़ी को उनके जीवन एवं कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम का समापन डॉ. परमार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।