/पेंशनरों ने संशोधित वेतनमान का एरियर जल्द जारी करने की उठाई मांग।

पेंशनरों ने संशोधित वेतनमान का एरियर जल्द जारी करने की उठाई मांग।

दाभोटा पुल और नालागढ़ अस्पताल की समस्याएं भी उठाईं

नालागढ़, 5 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल के नालागढ़ पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक बुधवार को संघ के प्रधान नरेश घई की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में पेंशनरों ने सरकार से संशोधित वेतनमान का लंबित एरियर शीघ्र जारी करने की मांग दोहराई। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जो चिंता का विषय है।

संघ के प्रधान नरेश घई ने कहा कि सरकार महंगाई राहत (डीआर) का भुगतान भी समय पर नहीं कर पा रही है। वर्तमान में 15 प्रतिशत महंगाई राहत की देनदारियां लंबित हैं, जिससे पेंशनरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार से इन सभी लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की।

बैठक में बद्दी-नालागढ़ फोरलेन निर्माण कार्य की धीमी गति पर भी चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि बरसात के मौसम में अधूरे निर्माण कार्य के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा नालागढ़ अस्पताल में स्टाफ की कमी को शीघ्र दूर करने तथा दाभोटा पुल की मरम्मत तत्काल करवाने की मांग भी सरकार से की गई। सदस्यों का कहना था कि पुल क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में महासचिव कैलाश राणा, कोषाध्यक्ष अदित कांसल, सुशील कुमार, मनसा राम, दिलीप सिंह, प्रकाश चंद, देवी सिंह, निर्मल पुरी, सोहन लाल चंदेल, लाजवंती, राम नरेश गुप्ता, हेमराज भंडारी, अजमेर सिंह, नाराता राम, मनोहर सिंह, प्रेम चंदेल, ज्ञान चंद, शमशेर सिंह, चमन लाल शर्मा, हाकम सिंह, बी.बी. खुल्लर सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।