/10 साल पुराने सड़क हादसा मामले में फरार घोषित आरोपी गिरफ्तार ।

10 साल पुराने सड़क हादसा मामले में फरार घोषित आरोपी गिरफ्तार ।

दाड़लाघाट पुलिस की पीओ सेल की बड़ी कार्रवाई ।

सोलन (दाड़लाघाट) 5 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल के सोलन जिला पुलिस की भगोड़ा अपराधी (पीओ) सेल ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी को न्यायालय द्वारा भगोड़ा अपराधी घोषित किए जाने के बाद लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को पुलिस थाना दाड़लाघाट की पीओ सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव माजरीकलां, डाकघर सरसावा, तहसील नकुड़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना दाड़लाघाट में अभियोग संख्या 61/2026, दिनांक 03-08-2026, धारा 209 एवं 269 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि वर्ष 2016 में आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना दाड़लाघाट में अभियोग संख्या 13/2016, दिनांक 12-02-2016, धारा 279, 337 एवं 338 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।

आरोप था कि उसने तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाते हुए वाहन को सड़क से लगभग 200 फीट नीचे गिरा दिया था। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया था।

विचारण के दौरान न्यायालय द्वारा आरोपी को कई बार पेश होने के आदेश दिए गए, लेकिन वह लगातार अनुपस्थित रहा। इसके चलते माननीय न्यायालय ने 2 जून 2026 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पीओ सेल द्वारा लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आखिरकार उसे 3 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी को 4 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।