/केंद्र से हिमाचल के नए शहरों और शहरी परियोजनाओं के लिए सहयोग का आग्रह।

केंद्र से हिमाचल के नए शहरों और शहरी परियोजनाओं के लिए सहयोग का आग्रह।

खट्टर ने DPR मांगी

शिमला, 7 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर हिमाचल की विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं पर चर्चा की।

बैठक में विक्रमादित्य सिंह ने राज्य में नए शहर विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग और नियोजन संबंधी रूपरेखा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने चंडीगढ़ और पंचकूला से सटे क्षेत्र में प्रस्तावित नए शहर के लिए साझा आधारभूत ढांचे के विकास पर भी बल दिया।

केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) प्रस्तुत करने को कहा और सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

बैठक में अर्बन चैलेंज फंड के तहत 1,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने, अमृत योजना की 64.45 करोड़ रुपये की शेष राशि जारी करने तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत शेष शहरी स्थानीय निकायों को भी यूज्ड वाटर मैनेजमेंट परियोजनाओं में शामिल करने का आग्रह किया गया।

विक्रमादित्य सिंह ने नादौन, मनाली, डलहौजी और रामपुर में प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पर भी शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य सरकार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और विक्रमादित्य सिंह के आमंत्रण पर जल्द ही शिमला और धर्मशाला का दौरा करने की सहमति भी जताई।