बद्दी, 8 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
बद्दी पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस दौरान 7 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि संबंधित स्पा सेंटरों के संचालकों और मैनेजरों के विरुद्ध पुलिस थाना बद्दी में मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, उप पुलिस अधीक्षक योगराज चंदेल के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने साईं रोड स्थित The Best Thai Spa, Bamboo Spa और Mantra The Wellness Spa में जांच की। जांच के दौरान इन स्पा सेंटरों में कथित अवैध गतिविधियां संचालित होती पाई गईं।
कार्रवाई के दौरान मिली 7 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्पा सेंटर संचालकों एवं संबंधित मैनेजरों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि स्पा सेंटरों या किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान की आड़ में अवैध गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
ऐसे प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।






