/मैहला व साहू में बीपीएल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित,

मैहला व साहू में बीपीएल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित,

विधायक नीरज नैय्यर ने बीपीएल लाभार्थियों से किया सीधा संवाद

​चम्बा, 10 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

विधानसभा क्षेत्र चम्बा के विधायक, नीरज नैय्यर आज ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में चरण-1 से 7 तक किए गए बीपीएल सर्वेक्षण के माध्यम से चिन्हित लाभार्थियों के साथ मैहला और साहू में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।

​सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस संवाद श्रृंखला का पहला कार्यक्रम जल शक्ति विश्राम गृह, मैहला में आयोजित किया गया, जिसमें अठलुई से जांघी तक की 9 ग्राम पंचायतों के लगभग 1900 चयनित बीपीएल लाभार्थी एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। वहीं दूसरा कार्यक्रम वन विश्राम गृह, साहो में आयोजित किया गया, जिसमें बरौर से रजिंडू एवं प्रौथा तक की 11 ग्राम पंचायतों के लगभग 1500 चयनित बीपीएल लाभार्थी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

​विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि इस पहल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यों एवं विभिन्न सुविधाओं की जानकारी जनता को दी जा रही है। साथ ही जनता की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सीधे सुना जा रहा है तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर उन्होंने लोगों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। इस दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने लोगों को अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

नीरज नैय्यर ने बताया की 11 अगस्त को ग्राम पंचायत सरोल में अन्य 20 ग्राम पंचायतों के चयनित लाभार्थियों से जनसंवाद कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में पहुँचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और अपनी समस्याएं एवं सुझाव खुलकर रखें।