सुबाथू में वृक्षारोपण अभियान एवं जागरूकता शिविर आयोजित, 50 औषधीय पौधे लगाए
सोलन, 11 अगस्त ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) सोलन के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है और प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

ग्राम पंचायत कककड़हट्टी के गांव थेथोंग स्थित शांति निकेतन आश्रम, सुबाथू में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वृक्षारोपण अभियान एवं जागरूकता शिविर में उन्होंने यह बात कही। इस अवसर पर प्रशांत सिंह नेगी ने आश्रम परिसर में बेहड़ा का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे ही भविष्य में विशाल वृक्ष बनेंगे। वृक्ष भू-जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बच्चों से अपने जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशांत सिंह नेगी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी।
उन्होंने लोगों से न्यायालयों में लंबित मामलों के समाधान के लिए मध्यस्थता और लोक अदालत का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सकती है।
उन्होंने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य बच्चों को दंडित करना नहीं, बल्कि उनका पुनर्वास, सामाजिक पुनर्गठन और उनके सर्वोत्तम हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने आश्रम के विद्यार्थियों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी किया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी दिव्या शर्मा ने पौधों की सुरक्षा और उनकी वैज्ञानिक तरीके से देखभाल संबंधी जानकारी दी। इस दौरान शांति निकेतन आश्रम के विद्यार्थियों ने दाड़ू, बेहड़ा, आंवला, जड़ीनू, बांस सहित करीब 50 औषधीय पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम में शांति निकेतन आश्रम के निदेशक ललमुनल्यानी, अधीक्षक तीथवीन, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










