62 चालान, 42 गिरफ्तार, 23 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की सिफारिश
बद्दी, 11 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
औद्योगिक नगरी बीबीएन में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर बद्दी पुलिस ने 1 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 62 चालान किए गए, 42 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 23 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित/रद्द करने के लिए संबंधित पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण को सिफारिश भेजी गई है।

विशेष अभियान के तहत बद्दी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों ने नाकेबंदी और सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 62 चालकों के चालान किए गए। गंभीर लापरवाही बरतने वाले 23 चालकों के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति भी की गई।

इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में 42 व्यक्तियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भविष्य में भी बद्दी पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










