/शिमला ग्रामीण की जनसमस्याओं के समाधान को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

शिमला ग्रामीण की जनसमस्याओं के समाधान को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।

भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

सुन्नी, 10 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

शिमला ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी शिमला ग्रामीण मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सुन्नी को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से सुन्नी–लुहरी सड़क को पिछले करीब 45 दिनों से बंद होने का मुद्दा उठाते हुए इसे 15 अगस्त तक प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने की मांग की गई। इसके अलावा सुन्नी–थली पुल, जो लगभग एक वर्ष से बंद है, का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने तथा तब तक लोगों की सुविधा के लिए सुरक्षित अस्थायी पैदल मार्ग उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने एचआरटीसी की बंद बस सेवाओं को तुरंत बहाल करने, बसों की संख्या बढ़ाने और नियमित एवं सुचारू परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सभी पंचायतों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य शिवानी ठाकुर, व्यापार मंडल अध्यक्ष टेकचंद ठाकुर, भाजपा शिमला ग्रामीण मंडल के महामंत्री महेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नारायण सिंह, नगर पंचायत सुन्नी के उपाध्यक्ष अमित वर्मा, आईटी संयोजक कमलेश, रवि मेहता, संजय, गुलशन मेहता, चुन्नीलाल, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जितेंद्र, ज्योति गुप्ता, यशपाल शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा शिमला ग्रामीण मंडल के महामंत्री महेश शर्मा ने कहा कि यदि प्रशासन ने इन जनहित के मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो भारतीय जनता पार्टी चरणबद्ध आंदोलन और क्रमिक धरना-प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होगी।