/डॉ. प्रशांत गौतम बने आईआईटीटीएम ग्वालियर के निदेशक, प्रदेश में खुशी की लहर

डॉ. प्रशांत गौतम बने आईआईटीटीएम ग्वालियर के निदेशक, प्रदेश में खुशी की लहर

बीबीएन, 12 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के पंजगाई से संबंध रखने वाले शिक्षाविद् डॉ. प्रशांत गौतम को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अधीन कार्यरत इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिजम एंड ट्रैवल मैनेजमेंट (आईआईटीटीएम), ग्वालियर (मध्य प्रदेश) का निदेशक नियुक्त किया गया है।

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा जारी इस नियुक्ति को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

डॉ. प्रशांत गौतम पूर्व विधायक स्वर्गीय डॉ. बाबू राम गौतम के भतीजे हैं। वे पंजाब विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट (यूआईएचटीएम) के चेयरमैन तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष भी हैं।

आईआईटीटीएम का परिचय
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिजम एंड ट्रैवल मैनेजमेंट (आईआईटीटीएम) भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अधीन एक प्रमुख राष्ट्रीय संस्थान है, जिसका मुख्यालय ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में स्थित है। वर्ष 1983 में स्थापित यह संस्थान पर्यटन, यात्रा, आतिथ्य एवं संबंधित क्षेत्रों में शिक्षण, प्रशिक्षण, शोध और क्षमता निर्माण का कार्य करता है।

संस्थान के ग्वालियर, भुवनेश्वर, नोएडा, नेल्लोर और गोवा में प्रमुख केंद्र हैं। आईआईटीटीएम पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन से जुड़े स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित करता है तथा पर्यटन उद्योग, सरकारी विभागों और अन्य संस्थाओं के सहयोग से कौशल विकास और पेशेवर प्रशिक्षण को बढ़ावा देता है।

डॉ. गौतम की नियुक्ति पर पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, डॉ. मलिका नड्डा, ओएसडी सुदर्शन संख्यान, जिला बिलासपुर भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष प्रेम गौतम, जेई अरुण गौतम, पूर्व जिला परिषद सदस्या सावित्री गौतम, अधिवक्ता पीयूष चंदेल, देवेश चंदेल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पंजाब के विभाग संगठन मंत्री परविंदर नेगी, राष्ट्रीय नेता पी.एस. सोलंकी, आदित्य तकियार, शमशेर सिंह चौहान, पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संगठन के निवर्तमान अध्यक्ष गौरववीर सोहल, प्रदेश सचिव जसकरण भुल्लर, आशीष, कार्तिक, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ एबीवीपी के संयुक्त सचिव स्वस्तिक गौतम, यूआईएचटीएम के निदेशक जसविंदर ठाकुर, पूजा, किरण, युवराज, कविता, शांति गौतम और योगिता गौतम सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।