आरटीआई से उठे पासिंग प्रक्रिया पर सवाल
सोलन(अर्की)13 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले की अर्की विधानसभा क्षेत्र की सुरजपुर पंचायत के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित 1.700 किलोमीटर लंबी सुरजपुर–ऊपरी बाणन सड़क की वर्तमान खस्ता हालत को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार (रिंकू), निवासी रुग (भलेड़) द्वारा सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त जानकारी से सामने आया है।
आरटीआई के अनुसार, लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को 4 अक्टूबर 2022 को आधिकारिक रूप से पास कर जनता को समर्पित किया था।
लेकिन वर्तमान में सड़क की स्थिति बेहद जर्जर बताई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार का कहना है कि यदि सड़क को निर्धारित मानकों के अनुसार पास किया गया था, तो कुछ ही वर्षों में इसकी ऐसी स्थिति कैसे हो गई?
उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र विभागीय जांच की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सड़क किस आधार पर पास हुई और इसकी मौजूदा बदहाली के लिए जिम्मेदार कौन है।









