/स्वतंत्रता दिवस पर श्री हरि ओम योगा सोसायटी का भव्य आयोजन।

स्वतंत्रता दिवस पर श्री हरि ओम योगा सोसायटी का भव्य आयोजन।

शहरवासियों को किया आमंत्रित।

बद्दी, 13 अगस्त
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्री हरि ओम योगा सोसायटी, टोरेंट पार्क (योगा पार्क), हाउसिंग बोर्ड फेस-3, बद्दी द्वारा 15 अगस्त को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बद्दी की सभी सामाजिक संस्थाओं, शहरवासियों एवं क्षेत्र के नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

डॉ. श्रीकांत शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है।

इसी उद्देश्य से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री हरि ओम योगा सोसायटी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित कर रही है।

कार्यक्रम सुबह 8:00 बजे ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा। इसके बाद बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, कविताएं, नृत्य, समाज सुधार पर आधारित नाटक, ज्ञानवर्धक क्विज़ तथा देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं के समापन तक चलेगा।

आयोजकों ने बताया कि समारोह में आने वाले सभी अतिथियों के लिए जलपान एवं लड्डुओं की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाने और स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।