/बद्दी पुलिस की अवैध खनन पर सख्ती, रत्ता नदी में दो ट्रैक्टरों के चालान और रामशहर में टिप्पर जब्त

बद्दी पुलिस की अवैध खनन पर सख्ती, रत्ता नदी में दो ट्रैक्टरों के चालान और रामशहर में टिप्पर जब्त

बद्दी, 18 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ बद्दी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के खिलाफ शिकंजा कसा।

18 अगस्त को पुलिस थाना बद्दी की टीम ने रत्ता नदी क्षेत्र में गश्त के दौरान बिना वैध परमिट खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों HP 12B-6636 और HP 12Q-3811 को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद वाहन मालिक कृष्ण चंद तथा चालक तारा चंद, निवासी गांव अक्कावाली, डाकघर थाना, तहसील बद्दी, खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

वहीं, 17 अगस्त को पुलिस थाना रामशहर की टीम ने महादेव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध खनन सामग्री से भरा टिप्पर HP 12S-8656 जब्त किया। टिप्पर का संचालन रांजुराम निवासी गांव क्यारघाट, डाकघर छियाछी, तहसील रामशहर, जिला सोलन कर रहा था। पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में लेकर थाना रामशहर परिसर में खड़ा करवा दिया है।

दोनों मामलों में खनन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों तथा वाहनों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।