/शिमला पुलिस ने दो अंतरराज्यीय नशा सप्लायर किए गिरफ्तार, बैकवर्ड लिंकज से सप्लाई नेटवर्क पर प्रहार।

शिमला पुलिस ने दो अंतरराज्यीय नशा सप्लायर किए गिरफ्तार, बैकवर्ड लिंकज से सप्लाई नेटवर्क पर प्रहार।

शिमला 18 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा

नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस के व्यापक अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बैकवर्ड लिंकज को खंगालते हुए दो प्रमुख अंतरराज्यीय सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई को केवल नशे की बरामदगी और स्थानीय आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए सप्लाई चेन की महत्वपूर्ण कड़ियों तक पहुंच बनाई है।

पहले मामले में 3 अगस्त 2026 को स्पेशल सेल, जिला शिमला ने शोघी के समीप 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन के साथ विजय कुमार को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पूछताछ, तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि यह खेप उसे पंजाब के तरनतारन निवासी 21 वर्षीय शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान ने उपलब्ध करवाई थी।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के बीच संपर्क के लिए Signal App का इस्तेमाल किया जा रहा था। शुभकरमन सिंह ने विजय कुमार को 1.120 किलोग्राम हेरोइन की खेप उपलब्ध करवाई थी, जिसे विजय कुमार शिमला लाकर कई हिस्सों में आगे सप्लाई करने वाला था। बैकवर्ड लिंकज पर कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने तरनतारन में विशेष अभियान चलाकर शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया।


दूसरे मामले में अभियोग संख्या 60/2026, दिनांक 03.07.2026, धारा 21, 29 ND&PS Act के तहत पुलिस थाना कोटखाई में मामला दर्ज किया गया था। 3 जुलाई को पुलिस टीम ने राहुल शर्मा, रक्षित चौहान और लवली शर्मा के कब्जे से 64 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया था। जांच के दौरान बैकवर्ड लिंकज खंगालते हुए पुलिस ने अमित महावे को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया।6
आगे की जांच में पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की एक और महत्वपूर्ण कड़ी की पहचान की। जांच में सामने आया कि 26 वर्षीय कोमलप्रीत सिंह उर्फ लाडी, निवासी जिला मोगा, पंजाब, अमित महावे के नियमित संपर्क में था और उसे हेरोइन की सप्लाई करता था। अमित महावे आगे हिमाचल प्रदेश में अपने संपर्कों के माध्यम से इस नशे की सप्लाई करता था। पुलिस टीम ने 8 अगस्त 2026 को कोमलप्रीत सिंह उर्फ लाडी को जालंधर से गिरफ्तार किया।
2026 में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ND&PS Act के तहत 216 मामले दर्ज कर 448 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बैकवर्ड लिंकज के माध्यम से 66 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए गए हैं तथा 50 प्रमुख नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। वर्ष 2025 में 7 और वर्ष 2024 में 12 सप्लायर गिरफ्तार किए गए थे।
वर्ष 2026 में अब तक 4.4 किलोग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया है, जबकि वर्ष 2025 में 1.3 किलोग्राम और वर्ष 2024 में 1.8 किलोग्राम बरामद हुआ था।
नशा तस्करों की आर्थिक गतिविधियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। वित्तीय जांच के आधार पर वर्ष 2026 में अब तक ₹6.38 करोड़ की संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई है। वर्ष 2025 और 2024 में इस श्रेणी में कोई संपत्ति जब्त/फ्रीज नहीं की गई थी।
इसके अलावा PITNDPS Act के तहत वर्ष 2026 में अब तक 40 निवारक निरोध किए गए हैं, जबकि वर्ष 2025 में 3 और वर्ष 2024 में कोई निवारक निरोध नहीं किया गया था।
शिमला पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब अभियान का फोकस केवल स्थानीय स्तर पर चिट्टा या हेरोइन पकड़ने तक सीमित नहीं है। पुलिस मुख्य सप्लायरों, अंतरराज्यीय नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और नशा तस्करी की आर्थिक रीढ़ पर एक साथ प्रहार कर नेटवर्क को जड़ से कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रही है।