/शिमला में बारिश का असर, कई मार्गों पर यातायात प्रभावित।

शिमला में बारिश का असर, कई मार्गों पर यातायात प्रभावित।

शिमला 18 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

राजधानी शिमला में मंगलवार को बारिश के बीच कई स्थानों पर पेड़ गिरने और भूस्खलन की घटनाओं के कारण यातायात प्रभावित हुआ।

ट्रैफिक पुलिस शिमला के अनुसार टूटू स्थित एमसी पार्किंग के पास भूस्खलन होने से मार्ग पर फिलहाल केवल छोटे वाहन ही गुजर पा रहे हैं।

पुलिस मौके पर तैनात है और संबंधित विभाग द्वारा मार्ग को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, छोटा शिमला के पास पेड़ गिरने से रिस्ट्रिक्टेड रोड पूर्णतः बंद हो गई है। हालांकि मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।

पेड़ हटाने का कार्य जारी है और पुलिस मौके पर तैनात है।

इसके अलावा टुटीकंडी आईएसबीटी के समीप एचआरटीसी पेट्रोल पंप के पास भी पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है।

इस मार्ग पर फिलहाल छोटे वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति है। संबंधित विभाग द्वारा पेड़ हटाने का कार्य किया जा रहा है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि बारिश के दौरान इन मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें।