नालागढ़, 19 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
भारी बारिश के चलते एक बार फिर नालागढ़ उपमंडल की खेड़ा पंचायत के वार्ड नंबर-4 में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है।

गत रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण वार्ड के कई घरों, दुकानों और अन्य संपत्तियों में पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य के चलते सड़क और आसपास स्थित उद्योगों से निकलने वाला पानी वार्ड नंबर-4 की ओर आ रहा है।
बारिश के दौरान पानी की मात्रा बढ़ने से यहां जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई और लोगों के घरों तथा दुकानों में गंदा पानी भर गया। पूरा क्षेत्र तालाब में तब्दील नजर आया।

लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार भारी बारिश के दौरान उन्हें इस समस्या से जूझना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी की निकासी को सीधे खेड़ा खड्ड की ओर किया जाए, ताकि राजकूहल के बंद होने के बाद बारिश के पानी का उचित प्रवाह सुनिश्चित हो सके और लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मामले का स्थायी समाधान करने तथा बरसात के दौरान पानी की निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।










