नालागढ़ (रामशहर), 19 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।
जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में आज बुधवार सुबह से हो रही बारिश के कारण रामशहर-नालागढ़ तथा रामशहर-सवारघाट सड़क मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन और छोटे-छोटे स्लाइड होने से यातायात प्रभावित हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक रामशहर-नालागढ़ मार्ग पर कुम्हार हट्टी के समीप करीब 11 किलोमीटर दूरी पर पुली बंद होने के कारण लगभग एक घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा।
इस दौरान एक बस भी जाम में फंस गई। हालांकि रामशहर से गुरुकुंड के बीच कई स्थानों पर छोटे-छोटे स्लाइड आने के बावजूद सड़क मार्ग यातायात के लिए खुला रहा।
वहीं, रामशहर-सवारघाट सड़क मार्ग पर गांव कोठी के समीप लगातार भूस्खलन होने से स्थिति गंभीर हो गई। मार्ग पर स्कूल बसें भी फंस गईं, जिनमें छोटे बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मौके पर तत्काल कार्रवाई कर सड़क मार्ग को खोलने की मांग की है।
बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की गई है।










