शिमला 27 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
विधानसभा सत्र के बाद वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर चौड़ा मैदान पहुंचे, जहां आमरण अनशन पर बैठे टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उनके साथ विधायक बलवीर वर्मा, डॉ. हंसराज और लोकेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
जयराम ठाकुर ने टैक्सी ऑपरेटरों को जबरन और बलपूर्वक हटाए जाने की घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए प्रदेश सरकार पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने वाले लोगों की समस्याओं को सुनना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि उनकी आवाज दबाना।
नेता प्रतिपक्ष ने मौके पर मौजूद वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते हुए प्रदर्शनकारियों को जबरन हटाए जाने के निर्णय पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।
हिमाचल प्रदेश के इतिहास में धरना-प्रदर्शन कोई नई बात नहीं है, ऐसे में सरकार का इस तरह का रवैया उचित नहीं है।
उन्होंने टैक्सी ऑपरेटरों के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए कहा कि पूरा विपक्ष उनके साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी मांगों को न्यायोचित तरीके से उठाया जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि टैक्सी ऑपरेटरों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इससे पहले टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा स्थित नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में जयराम ठाकुर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत करवाया था। नेता प्रतिपक्ष ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें विधानसभा सदन में प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया था।
टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष के हस्तक्षेप और समर्थन के लिए आभार जताया तथा सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।







