शिमला 31 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर पंचायतों को कमजोर करने और लॉटरी व्यवस्था शुरू करने को लेकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पंचायतों को मिली विकास राशि का उपयोग स्थानीय जरूरतों और जनहित के कार्यों में नियमानुसार होना चाहिए तथा पंचायतों को स्वतंत्र रूप से विकास कार्य करने दिए जाएं।
बिंदल ने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में हिमाचल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 15 हजार किलोमीटर सड़कें बनीं। उन्होंने अटल टनल, फोरलेन, बीआरओ सड़कों, रेल विस्तार, एम्स बिलासपुर और केंद्र की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश के विकास की बड़ी उपलब्धियां बताया।
लॉटरी पर उन्होंने कहा कि कुछ राजस्व जुटाने के लिए हजारों परिवारों के भविष्य को संकट में नहीं डाला जा सकता। “हिमाचल की जनता और भाजपा को लॉटरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं है।”
उन्होंने सरकार से पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार जैसे स्थायी आय स्रोतों पर ध्यान देने की मांग की।
बिंदल ने कहा कि भाजपा आने वाले समय में सेवा कार्यों के साथ जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस सरकार की गारंटियों और कार्यप्रणाली का हिसाब भी जनता के बीच उठाएगी।









