/ठियोग घटनाक्रम में 5 और आरोपी गिरफ्तार, तीनों मामलों में अब तक 21 गिरफ्तारियां

ठियोग घटनाक्रम में 5 और आरोपी गिरफ्तार, तीनों मामलों में अब तक 21 गिरफ्तारियां

शिमला( ठियोग ) 2 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

15-16 अगस्त को ठियोग क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुए विवाद और आपसी झड़प के मामले में शिमला पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें तीन गिरफ्तारियां FIR No. 115/2026 और दो गिरफ्तारियां FIR No. 117/2026 में की गई हैं। इसके साथ ही ठियोग घटनाक्रम से जुड़े तीनों अभियोगों में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, FIR No. 115/2026, जो 16 अगस्त को थाना ठियोग में दर्ज हुआ था, में राज कुमार उर्फ आशू काँगड़िया, रजत झाल्टा और रितिक शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले में इससे पहले विक्रांत शर्मा, किंशुक शर्मा, वंश शर्मा तथा भवानी वर्मा उर्फ सन्नी छिब्बर को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राज कुमार उर्फ आशू काँगड़िया (32), निवासी ठियोग, का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2018 से 2026 के बीच उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 12 अभियोग दर्ज हैं।

इनमें मारपीट, रास्ता रोकने, आपराधिक धमकी, धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा, हथियार संबंधी अपराध और अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। इनमें कुछ मामले न्यायालय में विचाराधीन बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय Ld. ACJM ठियोग के समक्ष पेश किया जाएगा।

इसी तरह FIR No. 117/2026, दिनांक 17 अगस्त 2026, में पुलिस ने आशीष उर्फ आशू तथा वरुण चन्देल को भी 1 सितंबर को गिरफ्तार किया है। इस अभियोग में इससे पहले नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। ताजा दो गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 11 हो गई है।

दोनों आरोपियों को भी न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
इस प्रकार 15-16 अगस्त के ठियोग घटनाक्रम से संबंधित FIR No. 114/2026, 115/2026 और 117/2026 में अब तक कुल 21 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इनमें FIR No. 114/2026 में 3, FIR No. 115/2026 में 7 और FIR No. 117/2026 में 11 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

शिमला पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच निष्पक्ष और तथ्यपरक तरीके से जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था में व्यवधान, हिंसा, हथियारों के दुरुपयोग और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले कृत्यों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।