/नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चंडीगढ़ में निकली जागरूकता वॉक

नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चंडीगढ़ में निकली जागरूकता वॉक

चंडीगढ़, 4 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा-2026 के तहत पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के नेत्र रोग विभाग द्वारा रॉक गार्डन से सुखना झील तक नेत्रदान जागरूकता वॉक का आयोजन किया गया।

इसका उद्देश्य लोगों को नेत्रदान और कॉर्निया प्रत्यारोपण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।


कार्यक्रम में पीजीआईएमईआर के पूर्व निदेशक एवं पद्मश्री डॉ. जगत राम, पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. अरुण ग्रोवर तथा एडवांस्ड आई सेंटर के पूर्व प्रोफेसर डॉ. एम.आर. डोगरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. उषा सिंह, डॉ. वैशाली गुप्ता और डॉ. अमित गुप्ता सहित कॉर्निया फैकल्टी, आई बैंक स्टाफ, ऑप्टोमेट्री स्टाफ और नर्सिंग विद्यार्थियों ने वॉक में सक्रिय भागीदारी की। नर्सिंग कॉलेज के फैकल्टी एवं विद्यार्थियों के साथ लायंस क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल के सदस्य भी इस जागरूकता अभियान में शामिल हुए।

वॉक में करीब 250 से 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और आम जनता को मृत्यु के बाद नेत्रदान करने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि मृत्यु के बाद आंखें दान करने का संकल्प कॉर्नियल ब्लाइंडनेस से पीड़ित लोगों के जीवन में रोशनी लौटा सकता है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ऑप्टोमेट्री विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नेत्रदान के महत्व को समझाते हुए लोगों से नेत्रदान का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

आयोजकों ने कहा कि स्वैच्छिक नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर कॉर्नियल अंधत्व के बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नेत्रदान के लिए आगे आने और जरूरतमंद मरीजों को दृष्टि का उपहार देने की अपील की।