सोलन (बद्दी) 6 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन के भूपनगर-साई रोड स्थित शनि देव मंदिर में अज्ञात उपद्रवियों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। शरारती तत्वों ने मंदिर की मूर्ति एवं परिसर को नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया और कुछ लोग साई रोड पर एकत्रित होकर धरने पर बैठ गए, जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही बद्दी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक बद्दी योगराज चंदेल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने धरना दे रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत किया, जिसके बाद धरना समाप्त करवाकर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया।
पुलिस ने घटना के संबंध में थाना बद्दी में अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशों पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर मामले की गहन छानबीन कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में संलिप्त आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








