नालागढ़, 8 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
बद्दी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और तीन टिप्परों को जब्त किया है।
इस मामले में पुलिस थाना नालागढ़ में BNS और माइनिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की मध्यरात्रि को गांव आदूवाल जंडौरी निवासी संजीव कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि महादेव पल्ली खड्ड में भारत स्पिरिट कंपनी के समीप निजी और सरकारी भूमि पर जेसीबी तथा तीन टिप्परों से कथित रूप से अवैध खनन किया जा रहा है।

शिकायत मिलने के बाद नालागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से अवैध खनन में संलिप्त JCB नंबर HR39B-9547 तथा तीन टिप्पर HP12S-8670, HP83-8916 और HP12S-7570 को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध खनन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








