बद्दी, 8 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर बद्दी पुलिस ने रता नदी में कथित तौर पर अपशिष्ट एवं गंदा पानी डालने के मामले में कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज किया है। पुलिस थाना बद्दी में हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बद्दी के क्षेत्रीय अधिकारी की।
शिकायत के आधार पर धारा 272 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से रता नदी में झाग दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने 6 सितंबर 2026 को मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मोरपेन रोड के सामने रता नदी के समीप एक बिना नंबर के ट्रैक्टर को कथित रूप से अपशिष्ट पानी का निस्तारण करने के बाद वापस आते हुए पाया गया।
पूछताछ में ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम धनवीर सिंह बताया। स्थानीय लोगों ने भी अधिकारियों को जानकारी दी कि उक्त स्थान पर टैंकरों के माध्यम से अपशिष्ट पानी डाला जा रहा है।
शिकायत के आधार पर बद्दी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नदी में अपशिष्ट पानी डालने के पीछे कौन लोग अथवा संस्थान शामिल हैं।
मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।








