सोलन (रामशहर) 8 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले के पुलिस थाना रामशहर के अंतर्गत महादेव-झंडू-दिगल सड़क मार्ग पर झंडू पुल के समीप पुलिस ने दो युवकों से 134 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किए जाने का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान राज राय (26) पुत्र मनोज राय, निवासी नवाबगढ़, विकासनगर, जिला देहरादून तथा मोहित सेन (24) पुत्र घनश्याम सेन, निवासी समेलग, डाकघर रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों युवक वर्तमान में तारादेवी, शिमला में रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 134 ग्राम चिट्टे के अलावा दो इंजेक्शन भी बरामद किए हैं। जिस स्कूटी पर दोनों सवार थे, उसका नंबर एचपी-52सी-9175 बताया गया है।
थाना प्रभारी रामशहर विनोद कुमार के अनुसार पुलिस टीम देर शाम गश्त पर निकली थी। इस दौरान झंडू पुल से करीब 300 मीटर पीछे दो युवक स्कूटी पर संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए।
पुलिस टीम को देखकर दोनों घबरा गए और उन्होंने चिट्टे की पुड़िया झाड़ियों में फेंक दी। पुलिस टीम ने शक के आधार पर तलाशी ली तो झाड़ियों से चिट्टे की पुड़िया बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि वे पिछले करीब दो वर्षों से नशे का सेवन कर रहे हैं और शिमला की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29, 67 और 85 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में एएसआई बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार, आरक्षी कुलदीप, आरक्षी हरीश तथा होमगार्ड जवान मोहन लाल शामिल रहे।
जिला पुलिस बद्दी के एसपी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।







