चंडीगढ़, 11 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
ROTTO North, PGIMER, चंडीगढ़ की ओर से राष्ट्रव्यापी ‘जुग-जुग जियो अभियान’ के तहत एटरनिटी लॉजिस्टिक्स में अंग एवं ऊतकदान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कर्मचारियों की सुविधानुसार सुबह और रात्रि शिफ्ट के लिए अलग-अलग दो जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को अंग एवं ऊतकदान के महत्व, मृतक अंगदान की आवश्यकता, प्रत्यारोपण प्रक्रिया तथा अंगदान से जुड़े विभिन्न भ्रम एवं भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी गई। कर्मचारियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अंगदान से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका ROTTO North की टीम ने तथ्यात्मक जानकारी के साथ समाधान किया।

एटरनिटी लॉजिस्टिक्स के मार्केटिंग हेड रवि कुमार ने ROTTO North, PGIMER के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कार्यस्थल केवल व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि जागरूकता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने का भी माध्यम है। उन्होंने दोनों शिफ्ट के कर्मचारियों तक यह महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में ROTTO North, PGIMER की कंसल्टेंट, IEC मीडिया, सरयू डी. मदरा ने कर्मचारियों से संवाद करते हुए कहा कि अंगदान की शुरुआत जागरूकता से होती है और लोगों को सही जानकारी देकर सोच-समझकर निर्णय लेने का अवसर देना जरूरी है।
उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ अंगदान की इच्छा को लेकर खुलकर बातचीत करने का भी आह्वान किया।
ROTTO North, PGIMER के नोडल अधिकारी डॉ. विजय ताड़िया ने एटरनिटी लॉजिस्टिक्स द्वारा कर्मचारियों को अंगदान अभियान से जोड़ने की पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों के साथ-साथ कार्यस्थलों और समुदायों तक अंगदान का संदेश पहुंचाने से इस मानवीय अभियान को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने अंगदान की पात्रता, प्रक्रिया, परिवार की सहमति और प्रत्यारोपण सहित विभिन्न विषयों पर सवाल किए। ROTTO North की टीम की रितिका और मनप्रीत ने अंगदान की शपथ/प्लेज के लिए आगे आए कर्मचारियों की सहायता की।
एटरनिटी लॉजिस्टिक्स की यह पहल कार्यस्थल पर सामाजिक जागरूकता और मानवीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।









