/एनएलयू के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने में सहयोग करेगी प्रदेश सरकार: मुख्यमंत्री

एनएलयू के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने में सहयोग करेगी प्रदेश सरकार: मुख्यमंत्री

शिमला, 11 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू), शिमला के बुनियादी ढांचे के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने वीरवार देर सायं विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार एनएलयू के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन को अपने संसाधन स्वयं सृजित करने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावासों के निर्माण में सहयोग करेगी। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छात्रावास की सीमा के साथ कंटीले तारों की बाड़ लगाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने परिसर में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा छात्रावास के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन (एचटी) विद्युत लाइन को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए परिसर के भीतर ओवरहेड विद्युत तारों को भूमिगत करने हेतु पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।

उन्होंने जल शक्ति विभाग को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही, विश्वविद्यालय में पेयजल की कमी दूर करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने की बात कही।

एनएलयू शिमला की कुलपति प्रो. प्रीति सक्सेना ने विश्वविद्यालय की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष ध्यान देने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

बैठक में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान सचिव देवेश कुमार, सचिव शिक्षा राकेश कंवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।