बद्दी, 11 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।
बद्दी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बरोटीवाला के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस ने कुल्हाड़ीवाला और कुंजाहल में दबिश देकर बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की तथा दोनों मामलों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किए हैं।
पहले मामले में 10 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुल्हाड़ीवाला में एक ढाबे पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ढाबे पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 2 बोतलें, 9 अद्धे और 34 पव्वे देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान आशीष पूर्वे निवासी मधुआपुर, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में की है। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
दूसरे मामले में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर कुंजाहल स्थित एक करियाना दुकान में तलाशी ली। इस दौरान दुकान से 21 बोतलें देशी शराब बरामद हुईं। आरोपी की पहचान विनोद कुमार निवासी कुंजाहल, डाकघर बरोटीवाला, तहसील बद्दी, जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस थाना बरोटीवाला में दोनों मामलों को लेकर हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। बद्दी पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









