/बीपीएल सूची में पात्र परिवारों के चयन की अंतिम तिथि 20 सितंबर : विधायक बावा

बीपीएल सूची में पात्र परिवारों के चयन की अंतिम तिथि 20 सितंबर : विधायक बावा


रतवाड़ी में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नालागढ़ 11 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत रतवाड़ी में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के अंतिम चरण में चयन प्रक्रिया को लेकर संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि बीपीएल सूची में पात्र परिवारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित मापदंडों के अनुसार पंचायत स्तर पर की जा रही है।

बावा ने बताया कि बीपीएल सूची में पात्र परिवारों के चयन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने पात्र परिवारों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पात्र परिवारों का चयन करना नहीं, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, बागवानी, पशुपालन और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़कर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, मिलने वाले लाभ, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।

इसके बाद विधायक बावा ने ग्रामीणों की जनसमस्याएं भी सुनीं तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।

उन्होंने अधिकारियों को अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और निर्धारित समयावधि में उनका निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत पोले दा खाला की प्रधान कमलेश कुमारी, रतवाड़ी की प्रधान मंजू देवी व उपप्रधान गीता राम, सरोर की प्रधान अंजना देवी व उपप्रधान सरवन कुमार, बीडीओ अरविंद कुमार, पूर्व प्रधान मनजीत कुमार, पूर्व उपप्रधान देवी सिंह, गुरमुख सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे