/रामपुर में वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का भव्य आगाज

रामपुर में वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का भव्य आगाज

एक हजार से अधिक खिलाड़ी 32 खेलों के 124 इवेंट्स में लेंगे हिस्सा, नशामुक्त हिमाचल की शपथ भी ली

रामपुर 11 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।

हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का शुक्रवार को रामपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मार्च पास्ट की सलामी ली गई तथा प्रतिभागियों ने नशामुक्त हिमाचल के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।


खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए केहर सिंह खाची ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हिमाचल को वर्ष 2030 तक आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में वन विभाग सहित प्रदेश के सभी विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने से पर्यटन के साथ-साथ प्रदेश की आर्थिकी को भी मजबूती मिल रही है।


उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से वनों की सुरक्षा के साथ अधिक से अधिक पौधरोपण कर हिमाचल को और हरा-भरा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2030 तक राज्य के हरित आवरण को 32 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में वन कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।


खाची ने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी दिन-रात जंगलों की रक्षा में जुटे रहते हैं, जबकि अधिकारी अपने प्रशासनिक दायित्वों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से सभी को अपनी खेल प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।


प्रतियोगिता के चेयरमैन एवं सीएफ रामपुर सीबी ताशीलदार तथा वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह ने स्वागत भाषण के माध्यम से मुख्य अतिथि, अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया।


प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पीपीसीएफ वाइल्ड लाइफ आलोक नागर, सीसीएफ अभिलाष दामोधरण सहित प्रदेश के विभिन्न वन मंडलों के वन मंडलाधिकारी, अतिरिक्त वन मंडलाधिकारी, वन परिक्षेत्राधिकारी तथा वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


वन विभाग की इस खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान 32 विभिन्न खेलों के कुल 124 इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं।