शिमला, 11 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
रिज मैदान, शिमला में कुछ व्यक्तियों द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस थाना सदर, शिमला की टीम ने मामले में संलिप्त सभी 7 व्यक्तियों को हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों द्वारा कानून-व्यवस्था एवं लोक शांति भंग किए जाने की संभावना को देखते हुए नियमानुसार निवारक कार्रवाई की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष टैक्सी चालक हैं और सवारी को लेकर उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रिज मैदान में मारपीट की घटना सामने आई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।








