/बरोटीवाला में जिला स्तरीय अंडर-14 खेल प्रतियोगिता का समापन

बरोटीवाला में जिला स्तरीय अंडर-14 खेल प्रतियोगिता का समापन


विधायक राम कुमार चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, नशे से दूर रहकर खेल व शिक्षा पर ध्यान देने का आह्वान

बरोटीवाला 12 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा ।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला (सीबीएसई) में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 खेल प्रतियोगिता का समापन समारोह शनिवार को हुआ।

कार्यक्रम में दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता में जिले के 10 ब्लॉकों से लगभग 746 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विधायक ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों की स्थापना के साथ सरकारी स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड पैटर्न लागू करने पर भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी, बद्दी और बरोटीवाला में सीबीएसई पैटर्न के तहत कक्षाएं शुरू की जा चुकी हैं।

अगले वर्ष राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा, कुठाड़, झाड़माजरी, मानपुरा और गुल्लरवाला को भी सीबीएसई पैटर्न में शामिल किया जाएगा।

विधायक ने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नशे, विशेषकर सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।

स्कूल में ड्रेनेज व खेल मैदान की सुविधाओं पर जोर
राम कुमार चौधरी ने बताया कि बरोटीवाला स्कूल में बरसात के पानी की उचित निकासी के लिए बड़ा ड्रेनेज पाइप लगाने के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इससे स्कूल भवन की सुरक्षा के साथ परिसर में बेहतर वातावरण सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि स्कूल में करीब 15 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण करवाया गया है। मैदान की बाउंड्री वॉल का शेष कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों के साथ स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों को भी टहलने और बैठने की सुविधा मिल रही है।

विधायक ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान सीएसआर के माध्यम से करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से परीक्षा भवनों का निर्माण करवाया जा चुका है। आवश्यकता के अनुसार शेष स्कूलों में भी परीक्षा भवन बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 20 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
विभिन्न खेलों में विजेता
मेजर गेम्स में फुटबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार (बी) विजेता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन (बी) प्रथम रनर-अप, बीएलसीपी बद्दी द्वितीय रनर-अप तथा राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर तृतीय स्थान पर रहा।

हॉकी में जीएनपीएस जगतखाना विजेता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार प्रथम रनर-अप, सोलन (बी) द्वितीय रनर-अप तथा राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर तृतीय स्थान पर रहा।

बास्केटबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुमैहर (ए) विजेता, सुबाथू (बी) प्रथम रनर-अप, एलपीएस अर्की द्वितीय रनर-अप तथा बीएलसीपी कुनिहार तृतीय स्थान पर रहा।
हैंडबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव विजेता, डीपीएस बरोटीवाला प्रथम रनर-अप, सोलन (बी) द्वितीय रनर-अप तथा राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर तृतीय स्थान पर रहा। कुश्ती में मंजौली विजेता और रेरू रनर-अप रहा। बॉक्सिंग में एलपीएस अर्की विजेता तथा पीएम श्री एससीवीटी अर्की रनर-अप रहा। मार्चपास्ट में सोलन (बी) विजेता तथा सुबाथू (बी) रनर-अप रहा।

माइनर गेम्स में वॉलीबॉल में बद्दी ब्लॉक विजेता, धुंधन प्रथम रनर-अप, धर्मपुर द्वितीय रनर-अप और सोलन तृतीय स्थान पर रहा। कबड्डी में नालागढ़ ब्लॉक विजेता, बद्दी प्रथम रनर-अप, धर्मपुर द्वितीय तथा धुंधन तृतीय स्थान पर रहा। खो-खो में धुंधन विजेता, कंडाघाट प्रथम रनर-अप, सोलन द्वितीय और धर्मपुर तृतीय स्थान पर रहा।
बैडमिंटन में अर्की ब्लॉक विजेता, सोलन प्रथम रनर-अप, नालागढ़ द्वितीय तथा रामशहर तृतीय स्थान पर रहा। मार्चपास्ट में अर्की ब्लॉक विजेता और धुंधन रनर-अप रहा।

इस अवसर पर दून ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलतार सिंह, बीडीसी वाइस चेयरमैन ओम प्रकाश, पूर्व प्रधान हंसराज, पूर्व प्रधान हितेंद्र सोनू, भाग सिंह, पूर्व प्रधान गुरबख्श खन्ना, नवाब चौधरी, समाजसेवी सुभाष चंद, राम गोपाल, जीएम प्राइम स्टील परमजीत मड़कू, सहायक उप निदेशक डॉ. शिव कुमार, विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. संजय, एसएमसी प्रधान शिव कुमार सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।