सोलन 13 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि खेल बच्चों में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह ठोडो मैदान सोलन में आयोजित चार दिवसीय अंडर-14 राज्य फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इससे बचाने का आह्वान किया।
डॉ. शांडिल ने सोलन फुटबॉल एसोसिएशन को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की तथा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है।

प्रतियोगिता में नौ जिलों और दो अकादमी टीमों के करीब 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला हमीरपुर और सोलन के बीच हुआ, जिसमें हमीरपुर ने सोलन को 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

सोलन फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण शर्मा ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, एसोसिएशन पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







