/मंडी मुख्य डाकघर में खातों में कथित गड़बड़ी, महिला कर्मचारी निलंबित

मंडी मुख्य डाकघर में खातों में कथित गड़बड़ी, महिला कर्मचारी निलंबित


उपभोक्ता की शिकायत के बाद जांच शुरू, करीब 60 हजार खातों के रिकॉर्ड खंगालेगी विशेष टीम; दोषी पाए जाने पर FIR की संभावना

मंडी, 13 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

जिला मंडी के मुख्य डाकघर में खातों से जुड़ी कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। एक उपभोक्ता की शिकायत के बाद डाक विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने पर विभाग ने एक महिला कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उसका मुख्यालय सुंदरनगर निर्धारित किया गया है।

बताया जा रहा है कि एक उपभोक्ता ने अपने खाते में जमा राशि दर्ज नहीं होने तथा लाखों रुपये की कथित गड़बड़ी को लेकर डाक विभाग में शिकायत की थी।

शिकायत के आधार पर विभाग ने रिकॉर्ड की जांच शुरू की, लेकिन संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।

करीब 60 हजार खातों के रिकॉर्ड की होगी जांच
डाक विभाग ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है। इसमें असिस्टेंट सीनियर सुपरिटेंडेंट तथा दो सुपरिटेंडेंट को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

टीम करीब 60 हजार खातों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच करेगी। विभाग ने लगभग तीन महीने में जांच पूरी करने का लक्ष्य रखा है।

मंडी के सीनियर सुपरिटेंडेंट संजय कुमार के अनुसार, कर्मचारी को निलंबित करने का कदम इसलिए उठाया गया है, ताकि जांच के दौरान रिकॉर्ड के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका न रहे।

डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विस्तृत जांच में यदि महिला कर्मचारी की भूमिका और दोष सामने आता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई जा सकती है।
फिलहाल विभागीय जांच जारी है।

जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित वित्तीय गड़बड़ी का वास्तविक स्वरूप और राशि कितनी है तथा इसमें संबंधित कर्मचारी की क्या भूमिका रही है।