/वन विभाग की खेलकूद प्रतियोगिता में हमीरपुर सर्कल बना ओवरऑल चैंपियन

वन विभाग की खेलकूद प्रतियोगिता में हमीरपुर सर्कल बना ओवरऑल चैंपियन

124 इवेंट्स में 32 खेलों के दौरान एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

शिमला 13 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा


हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में हमीरपुर फोरेस्ट सर्कल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

रामपुर फोरेस्ट सर्कल की टीम प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रही। रामपुर में तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ।

प्रतियोगिता में वन विभाग के महिला एवं पुरुष अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 124 इवेंट्स के तहत 32 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

वॉलीबॉल के महिला वर्ग में मंडी सर्कल तथा पुरुष वर्ग में शिमला सर्कल की टीम विजेता रही। बास्केटबॉल के पुरुष वर्ग में बिलासपुर और महिला वर्ग में हमीरपुर की टीम ने बाजी मारी। फुटबॉल पुरुष वर्ग में धर्मशाला तथा कबड्डी पुरुष वर्ग में हमीरपुर की टीम विजेता बनी।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डा. संजय सूद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर डा. संजय सूद ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने “Swift in Sports, Devoted in Duty” की भावना को साकार किया है। खेलों के माध्यम से कर्मचारियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के चेयरमैन एवं मुख्य वन संरक्षक (सीएफ) रामपुर सी.बी. ताशीलदार तथा वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार दोनों प्रतियोगिता का हिस्सा हैं, लेकिन सभी प्रतिभागियों का उत्साह और खेल भावना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि रामपुर में तीन दिनों तक प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसके लिए रामपुर सर्कल की पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने “Swift in Sports, Devoted in Duty” की थीम को आत्मसात करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।