/बद्दी पुलिस की यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती

बद्दी पुलिस की यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती

तेज रफ्तार व खतरनाक ड्राइविंग पर 539 चालान

बद्दी 14 सितम्बर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है।
1 जुलाई 2026 से 14 सितंबर 2026 तक बद्दी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी एवं चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले 348 वाहन चालकों के चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किए गए। वहीं, असंयमित, लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर सड़क पर अन्य लोगों की जान जोखिम में डालने वाले चालकों के विरुद्ध 191 चालान किए गए।

इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 539 चालान किए गए।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क हादसों का प्रमुख कारण बन सकता है।

उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।