पात्र परिवार 20 सितंबर से पहले बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए करें आवेदन : हरदीप सिंह बावा
रामशहर 15 सितंबर
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा ।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत रामशहर में जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत धर्माणा, चड़ोग, बहेड़ी, डोली एवं रामशहर के लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने क्षेत्र के पात्र परिवारों से आग्रह किया कि वे 20 सितंबर 2026 से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित पंचायत सचिव, खंड विकास अधिकारी कार्यालय अथवा उपमंडलाधिकारी कार्यालय में आवेदन करें।

उन्होंने कहा कि निर्धारित पात्रता एवं मापदंडों को पूरा करने वाले परिवारों को ही चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा, ताकि वास्तविक रूप से जरूरतमंद परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि बीपीएल सूची में शामिल पात्र परिवारों को पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर मिल सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। विधायक ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
इसी उद्देश्य से जनता के बीच जाकर योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र परिवारों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।
इस दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में नालागढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बाबू राम ठाकुर, ग्राम पंचायत रामशहर के उपप्रधान सुरेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत धर्माणा की प्रधान दीक्षा, ग्राम पंचायत साई चड़ोग की प्रधान रेमना देवी, ग्राम पंचायत डोली के उपप्रधान सुनील दत्त, दाता राम, ग्राम पंचायत धर्माणा के पूर्व प्रधान राम चंद, विनय ठाकुर, पूर्व प्रधान इंदर सिंह, पूर्व प्रधान वीरेंद्र शर्मा, विनय कुमार, राम लाल, पंकज शर्मा, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार, नायब तहसीलदार रामशहर राजेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










