सोलन, 16 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला सोलन में एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस) वैक्सीन एवं माहवारी स्वच्छता विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गगन ने की।
डॉ. गगन ने कहा कि शिविर का उद्देश्य किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, एचपीवी वैक्सीन के लाभ तथा माहवारी के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जिसके कुछ प्रकार आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर सहित कुछ अन्य कैंसर का कारण बन सकते हैं। एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण एक महत्वपूर्ण निवारक उपाय है।

उन्होंने अभिभावकों से एचपीवी टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों और अफवाहों पर विश्वास न करने तथा स्वास्थ्य विभाग की प्रमाणित जानकारी पर भरोसा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से संबंधित किसी भी शंका अथवा संभावित दुष्प्रभाव के संबंध में अभिभावक चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका ने माहवारी स्वच्छता पर जानकारी देते हुए कहा कि माहवारी एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इसके प्रति झिझक या शर्म नहीं होनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित सैनिटरी पैड अथवा उपयुक्त मासिक धर्म स्वच्छता सामग्री का प्रयोग करने तथा आवश्यकता के अनुसार लगभग 4 से 6 घंटे में पैड बदलने की सलाह दी। अधिक रक्तस्राव होने पर इसे इससे पहले भी बदलने को कहा।

उन्होंने इस्तेमाल किए गए पैड को उचित तरीके से लपेटकर निर्धारित स्थान पर डालने तथा पैड बदलने से पहले और बाद में साबुन से हाथ धोने पर जोर दिया। साथ ही पर्याप्त पानी पीने और आयरन, प्रोटीन, कैल्शियम एवं विटामिन से भरपूर संतुलित आहार लेने की सलाह दी।
डॉ. प्रियंका ने कहा कि अत्यधिक रक्तस्राव, असहनीय दर्द, चक्कर, कमजोरी अथवा अनियमित माहवारी जैसी समस्या होने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि माहवारी से संबंधित भ्रांतियों को दूर कर किशोरियों को सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करवाना उनके स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है।
शिविर के दौरान छात्राओं एवं अभिभावकों ने एचपीवी वैक्सीन तथा किशोर स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।








