नालागढ़, 16 सितंबर।
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा पात्र परिवारों के चयन के उद्देश्य से आज 16 सितंबर को पट्टा में विधायक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक हरदीप सिंह बावा आज दोपहर 12 बजे आईटीआई भवन, पट्टा में क्षेत्र की जनता के बीच उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में पात्र परिवारों के चयन के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
बताया गया कि योजना के तहत निर्धारित पात्रता के अनुसार परिवारों को पेंशन, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली तथा बीमा जैसी सुविधाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
जनसंवाद कार्यक्रम में भागुड़ी, पट्टा, बड़ियां, केंढोल, चड़ियार तथा पट्टा नाली सहित आसपास के क्षेत्रों की जनता की समस्याएं भी सुनी जाएंगी तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष मामले उठाए जाएंगे।
विधायक की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा क्षेत्र के विकास में सहभागी बनें।









