विजिलेंस ने लिए सैंपल,जांच शुरू।
हमीरपुर, 16 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के तरोपका गांव में एक महिला कर्मचारी के मकान की रेलिंग में लगी पाइपों पर सरकारी मोहर पाए जाने के बाद मामला जांच के दायरे में आ गया है।
शिकायत के आधार पर विजिलेंस थाना हमीरपुर की टीम ने संबंधित मकान का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान रेलिंग में इस्तेमाल की गई कुछ पाइपों पर सरकारी मोहर पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद विजिलेंस टीम ने रेलिंग में लगी पाइपों के सैंपल काटकर अपने कब्जे में ले लिए।
सैंपल जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में लिए गए तथा जांच के लिए विभाग को सौंपे गए हैं।
विजिलेंस द्वारा अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उक्त पाइपें सरकारी कार्यों के लिए थीं या नहीं और यदि वे सरकारी सामग्री हैं तो उनका निजी मकान की रेलिंग में इस्तेमाल कैसे हुआ।
बताया जा रहा है कि इस महिला कर्मचारी के ऊपर किसी कांग्रेसी नेता का हाथ है।फिलहाल मामले में जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही सरकारी पाइपों के कथित दुरुपयोग की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








