शिमला, 17 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कुपवी में अवैध रूप से भांग की खेती करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से भांग के कुल 811 पौधे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को कुपवी थाना पुलिस की टीम मालत, कोठी, जुब्बली आदि क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मंगत राम पुत्र चेतू, निवासी तहसील कुपवी ने अपने खेतों में अवैध रूप से भांग के पौधे उगा रखे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित गांव पहुंचकर खेतों की जांच की। जांच के दौरान खेत में भांग के पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके पर पटवारी को बुलाकर भूमि की पहचान करवाई तथा नायब तहसीलदार कुपवी की मौजूदगी में भांग के पौधों को उखाड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 811 भांग के पौधे बरामद हुए। इनमें से 20 पौधों को नमूने के तौर पर जब्त किया गया, जबकि शेष 791 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इस मामले में पुलिस थाना कुपवी में अभियोग संख्या 26/2026, दिनांक 15 सितंबर 2026, धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।







