नालागढ़, 17 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नालागढ़ के एक परिवार से संबंधित करीब 2.08 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्ति फ्रीज की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान और वित्तीय जांच के बाद कानून के प्रावधानों के तहत की गई है।

पुलिस थाना नालागढ़ में दर्ज अभियोग संख्या 119/2024, दिनांक 12 मई 2024, में आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा निवासी टिक्कर पनौह के कब्जे से 6.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों तथा उनके परिजनों की संपत्तियों की वित्तीय जांच करते हुए संपत्तियों के स्रोत और मामले से जुड़े वित्तीय संबंधों की पड़ताल की।
पुलिस के मुताबिक, अमरजीत कौर से संबंधित Tata Punch, Activa, TVS Jupiter, टिक्कर पनौह की करीब 7.10 बिस्वा भूमि और उस पर निर्मित दो मंजिला मकान समेत लगभग 80.07 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस के अनुसार अमरजीत कौर वर्तमान में PIT ND&PS Act के तहत किशनपुरा जेल में निरुद्ध हैं।

इसी प्रकार सतनाम सिंह उर्फ सत्ती से संबंधित TVS NTORQ, Activa, Maruti Zen तथा 2.10 बिस्वा भूमि पर निर्मित मकान एवं भूमि समेत करीब 83.15 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस के अनुसार उक्त मकान एवं भूमि उनकी पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम दर्ज है।
वहीं, गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा से संबंधित JHSDP नालागढ़ स्थित 2 BHK मकान एवं भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये है, को भी फ्रीज किया गया है।

इस प्रकार तीनों से संबंधित संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 2,08,22,000 रुपये (करीब 2.08 करोड़ रुपये) है।
पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह में बद्दी पुलिस द्वारा नशा तस्करों से संबंधित करीब 5.5 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करों और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा कानून के अनुसार फ्रीजिंग/जब्ती की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा और संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








