अर्की, 17 सितंबर
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
सोलन जिला ,अर्की के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर मेले का आज वीरवार को अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने प्राचीन एवं ऐतिहासिक मां काली मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की तथा समृद्धि के प्रतीक झोटे पूजन के साथ सायर मेले का आगाज किया।

संजय अवस्थी ने क्षेत्रवासियों को सायर मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अर्की का सायरोत्सव क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे मेले लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक मान्यताओं को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और मेलों से भी जुड़ी है।

मेले केवल मनोरंजन और उत्सव का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को एक-दूसरे के करीब लाने तथा आपसी मेल-जोल और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

विधायक ने कहा कि सायरोत्सव मेले की अपनी विशिष्ट पहचान और परंपरा है, जिसे संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा देने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से मेले की गरिमा और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विधायक की धर्मपत्नी मीनाक्षी अवस्थी, खंड कांग्रेस अर्की अध्यक्ष सतीश कश्यप, महासचिव रवि पाठक, नगर पंचायत अर्की अध्यक्ष सीमा शर्मा, उपाध्यक्ष बीना ठाकुर, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक रोशन वर्मा, आईटीआई बोर्ड सदस्य सुमित शर्मा, नगर पंचायत अर्की के पार्षदगण, समाजसेवी जयनंद शर्मा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








