बद्दी, 5 अक्टूबर।
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत चनालमाजरा तालाब में मिले मुकेश कुमार के शव के मामले में बद्दी पुलिस ने चार आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से थाना शनिपेठ, जलगांव क्षेत्र से अजीत कुमार (19), गोगल मुखिया उर्फ रोशन (21), चंदन कुमार (22) और संतोष कुमार (24) को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मृतक के भाई उमेश कुमार ने मुकेश के 28 सितंबर से लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। तलाश के दौरान चनालमाजरा के एक छोटे तालाब से मुकेश का शव बरामद हुआ। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई और विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
चारों आरोपियों को जलगांव की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया, जिसके बाद ACJM नालागढ़ की अदालत ने उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस आरोपियों से हत्या के कारणों, उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान मामले की जांच की समीक्षा कर रहे हैं।








