/रामशहर स्कूल में एंटी-चिट्टा, साइबर क्राइम और यातायात जागरूकता सत्र आयोजित

रामशहर स्कूल में एंटी-चिट्टा, साइबर क्राइम और यातायात जागरूकता सत्र आयोजित


बीबीएन, 6 अक्टूबर।
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।


राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामशहर में मंगलवार को पुलिस थाना रामशहर की टीम द्वारा एनएसएस शिविर के दौरान नशा विरोधी, साइबर क्राइम एवं यातायात जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।


पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर शारीरिक, मानसिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने साथियों और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।


सत्र के दौरान पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की। इसके अलावा सुरक्षित ड्राइविंग तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।


पुलिस ने कहा कि युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखते हुए उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन की ओर से भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।