चरवाहों समेत 1700 भेड़-बकरियों को सुरक्षित निकाला
किन्नौर, 4 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के सांगला कांडा से डोडरा क्वार की ओर जा रहे चरवाहों के रुपिन पास के समीप भारी ओलावृष्टि और बर्फीले तूफान में फंसने की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने 29 और 30 सितंबर को अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर प्रतिकूल मौसम के बीच सभी चरवाहों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार 27 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि सांगला कांडा (किन्नौर) से डोडरा क्वार की ओर आ रहे चरवाहे रुपिन पास के समीप अचानक बदले मौसम और भारी बर्फबारी के कारण फंस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त रेस्क्यू टीम गठित की गई।

29–30 सितंबर को भारी बर्फबारी, बर्फीले तूफान और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने अभियान जारी रखा। टीम ने सभी चरवाहों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के साथ बर्फ में दबी दो बकरियों और तीन भेड़ों को भी जीवित बचाया। इसके अलावा करीब 1600 से 1700 भेड़-बकरियों को सुरक्षित वापस लाया गया।

कठिन परिस्थितियों में चलाए गए इस अभियान में पुलिस कर्मियों ने साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। चरवाहों और उनके पशुधन की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम द्वारा अपनी जान की परवाह किए बिना किए गए निरंतर प्रयासों की सराहना की जा रही है।






