रामपुर बुशहर, 3 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान शिक्षा, पर्यटन, सामाजिक समानता, शिक्षकों की गैर-शैक्षणिक ड्यूटी और नशे सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

एक छात्रा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचौली के भवन निर्माण की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने मांग स्वीकार करते हुए स्कूल भवन के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

विद्यार्थियों ने रामपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, शिक्षकों की कमी और गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का कम इस्तेमाल करने तथा पढ़ाई के साथ खेलों और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी।
पर्यटन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है और पर्यटन अधोसंरचना मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने सिड्डू को अपना पसंदीदा व्यंजन बताया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर से ‘एंटी चिट्टा’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी इसमें शामिल हुए। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ नारे लगाए। रैली के समापन पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई।








