/हिमराल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

हिमराल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

शिमला, 3 अक्टूबर।
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

हिमाचल के जिला शिमला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित कानून और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर पार्टी लाइन पर सवाल उठाए हैं।

पत्रकारों से बातचीत में हिमराल ने आरोप लगाया कि 2023 के कानून में निर्वाचन आयुक्तों को आधिकारिक कार्यों से संबंधित दीवानी और आपराधिक कार्रवाई से सुरक्षा देकर जवाबदेही को कमजोर किया गया है। उन्होंने कहा कि चयन समिति में मुख्य न्यायाधीश की जगह कैबिनेट मंत्री को शामिल किया गया है।

हिमराल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है।

उन्होंने भी मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चला रही है।